कटक - ओडिशा के कटक में अदालत में सारथी बाबा की पेशी के दौरान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्हे चौद्वार जेल से कटक के एसडीएमजे कोर्ट में कड़ी सुरक्षा के बीच लाया गया था। उस दौरान बड़ी संख्या में लोग कोर्ट के बाहर जमे हुए थे। नाराज लोग बाबा के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। भारी भीड़ के बीच जब उन्हें मजिस्ट्रेट के कोर्ट के अंदर ले जाया जा रहा था, तभी किसी ने उनकी चोटी खींच दी। बाबा की गाड़ी के ऊपर जूते भी फेंके गए। खुद को भगवान बताने वाले ओडिशा के सारथी बाबा पर हैदराबाद के एक होटल में एमबीबीएस छात्रा के साथ रंगरलियां मनाने और मांसहारी खाना खाने का आरोप है।
बाबा पर लगे आरोपों के बाद उनके आश्रम के सामने लोग पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। धोखाधड़ी, जालसाजी और तमाम आरोपों के बीच ओडिशा क्राइम ब्रांच ने उन्हें शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उस होटल की सीसीटीवी फुटेज देख रही है, जहां बाबा पर ठहरने का आरोप लगा है। पुलिस ने बाबा से पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड मांगी थी, कोर्ट ने तीन दिन की रिमांड दी है। अब पुलिस स्वयंभू बाबा से तीन दिनों तक पूछताछ करेगी। वहीं, बाबा ने इन आरोपों को साजिश करार दिया। बता दें कि संतोष राउल से बाबा बनने के बाद इस धर्मगुरुने खुद को कृष्ण का अवतार बताना शुरू कर दिया।
बाबा सारथी के विरुद्ध सेक्स स्कैंडल, चिट फंड घोटाले में शामिल होने, आश्रम में आने वाली युवतियों के निर्वस्त्र फोटो लेकर उन्हें ब्लैकमेल करने एवं इस काम में उनके कुछ साथियों द्वारा सहयोग करने, लोगों को ठगने के लिए जादू का चमत्कार दिखाकर, सीमेंट की गाय से दूध निकालने, अपने पैर के तलवे से शहद निकालकर भक्तों को चटवाने, हाथों से भभूति निकालने, प्रतिवर्ष जन्माष्टमी की रात खुद को लड्डू गोपाल बताकर अपने को बच्चे के भेस में सजाकर मात्र एक लंगोट पहन कर माथे पर मोर के पंख लगाकर घुटने के बल चलकर युवतियों से अश्लील हरकतें करने, नग्न फोटो दिखाकर युवतियां का हैदराबाद, कोलकाता, राजस्थान, जयपुर ले जाकर योन शोषण करने के आरोपों के बारे में भी क्राइम ब्रांच द्वारा पूछताछ की जा रही है।