इलाहाबाद - मुंबई हमले के गुनहगार याकूब मेमन की फांसी पर हमदर्दी जताने वाले नेताओं और दूसरे लोगों को वीएचपी संरक्षक अशोक सिंहल ने नसीहत भरी धमकी दी है। अशोक सिंहल ने धमकी भरे अंदाज में कहा है कि याकूब मेमन से हमदर्दी जताने वालों को पहले प्यार से समझाया जाएगा, लेकिन अगर वे नहीं समझे तो उनके साथ जबरदस्ती की जाएगी और उन्हें पीट- पीट कर देशप्रेम की सीख दी जाएगी। वीएचपी नेता ने कहा कि जो लोग प्यार की भाषा नहीं समझेंगे, उन्हें पीटकर यह बात जबरन समझाई जाएगी। मेमन की फांसी के बाद अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील की धमकी पर सिंहल ने कहा कि अगर वह लोग कुछ करते हैं तो उन्हें पनाह देने वाले पाकिस्तान का वजूद खत्म हो जाएगा। सिंहल का कहना है कि मेमन जैसे आतंकी के समर्थन में उठ रही आवाज की देश में तीखी प्रतिक्रिया हो रही है।