नई दिल्ली - गृह मंत्री राजनाथ सिंह द्वारा शुक्रवार को संसद में दिए गए हिंदू आतंकवाद वाले बयान पर भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने आ गई हैं। इस मुद्दे को लेकर शनिवार को भाजपा की ओर से रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हम आज भी यह कहते हैं कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है। हमारी लड़ाई आतंकवाद के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस से यह पूछना चाहते हैं कि क्या हिंदू आतंकवाद के शब्द को सोनिया गांधी ने अपनी स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि हम कांग्रेस से लड़ रहे हैं और कांग्रेस हमसे लड़ रही है।
वहीं भाजपा ने हिंदू आतंकवाद के मुद्दे को लेकर कांग्रेस पर फिर से अटैक करते हुए 2010 में राहुल गांधी की टिप्पणी याद दिलाई। श्री प्रसाद ने एक खबर का हवाला दिया, जिसमें दावा किया गया था कि राहुल ने 2010 में तत्कालीन अमरीकी राजदूत के साथ बातचीत में कहा था कि इस बात के सबूत हैं कि भारत के स्थानीय मुस्लिम समुदाय में कुछ तत्त्वों के बीच लश्कर-ए-तोएबा को समर्थन मिल रहा है। बड़ा खतरा कट्टरपंथी हिंदू समूहों का विकास हो सकता है जो मुस्लिम समुदाय के साथ धार्मिक तनाव एवं राजनीतिक टकराव उत्पन्न करते हैं। यह खबर विकिलीक्स द्वारा जारी किए गए दस्तावेजों पर आधारित थी।