इम्फाल - मणिपुर के चंदेल जिला के चौउमोल गांव में शनिवार को हुए भीषण भू-स्खलन में 20 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक मणिपुर-म्यांमार सीमा से लगे मणिपुर में म्यांमार बार्डर पर पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश होने के कारण भू-स्खलन से कई मकान धंस गए, जिससे 20 लोगों की मौत हो गई। इस प्राकृतिक आपदा से सैकड़ों लोग प्रभावित हुए हैं।
सूत्रों ने कहा कि भू-स्खलन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाले का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। कोमेन चक्रवात के प्रभाव में आए मणिपुर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वहीं, मणिपुर की राजधानी इम्फाल में भारी बारिश के कारण फिर से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने के कारण लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया और सैकड़ों लोग अपने सामान की पैकिंग के साथ सुरक्षित स्थानों पर चले गए। प्रशासन ने राहत कार्य के लिए टीमों को मौके पर रवाना कर दिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराने और सर्च आपरेशन की कवायद तेज हो गई है। उधर, थोबल जिला में धान के खेत जलमग्न हो गए और यारीपोक चंदरखोंग की इटोक नहर का पुल भी जलमग्न हो गया है।