नयी दिल्ली - बिना सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की दर आज 23.50 रुपये प्रति सिलेंडर घटा दी गई हैं। सब्सिडी वाले सिलेंडर का कोटा खत्म होने के बाद उपभोक्ताओं को बाजार दर पर बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर लेना होता है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने कहा कि दिल्ली में बिना सब्सिडी वाले रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की दर घटाकर 585 रुपये प्रति सिलेंडर कर दी गई है जो वर्तमान में 608.50 रुपये प्रति सिलेंडर है।
संशोधित दर आज आधी रात से प्रभावी होगी। इससे पहले, बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर की दर एक जुलाई को 18 रुपये प्रति सिलेंडर घटाकर 608.50 रुपये की गई थी। उपभोक्ताओं को एक साल में सब्सिडी वाले 12 सिलेंडर मिलते हैं जिनकी दर दिल्ली में 417.82 रुपये प्रति सिलेंडर है। दूसरी ओर वाहन चालकों के लिए भी पैट्रोल व डीजल के दाम घटने से बड़ी राहत है खबर आ रही है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी की जाएगी। विदेशी बाजारों में कच्चे तेलों के दामों में कमी होने के बाद ऐसा फैसला लिया जा सकता है।