जयपुर - दक्षिण राजस्थान के जालौर और सिरोही जिले के कुछ हिस्सों में लगातार चौथे दिन भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बिगड़ते हालात के बीच सेना के हेलिकॉप्टर और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की मोटर बोट्स ने बचाव कार्य में जुट गई है और अब तक 50 से ज्यादा लोगों को बचाया जा सका है। इस बीच, सिरोही के एक बरसाती नाले में गुरुवार को 17 साल युवक बह गया, जबकि दो अन्य को बचा लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सिरोही में एक होटल के पीछे बरसाती नाले में तीन युवक बह गए।
उनमें से दो को स्थानीय लोगों ने बचा लिया, जबकि तीसरा युवक बह गया। लापता युवक की पहचान चिराग रावल के रूप में हुई है। तैराक उसकी तलाश में जुटे हैं। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के कारण मुख्य नमर्दा नदी में कुछ जगह से टूट हो गई है, जिससे सांचौर के दस गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एवं राहत टीम को सांचौर तहसील के लालपुरा, किलवा, और बावला गांवों में तैनात किया गया है। अधिकारी के अनुसार राजस्थान सरकार के आग्रह पर गुजरात सरकार ने राजस्थान के जालौर जिले के सांचौर में होकर निकल रही नर्मदा नदी के पानी की आवक को कम किया है।