कोलकाता - जानेमाने उद्योगपति तथा हल्दीराम भुजियावाला के मालिक प्रभुशंकर अग्रवाल को सिंगूर में किसानों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। वह सिंगूर स्थित अपने कारखाने का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इस दौरान घनश्यामपुर पंचायत के किसानों ने उनकी कार पर पत्थर पेंकना प्रारंभ कर दिया, जिससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई और अग्रवाल को भी चोटें भी आई हैं। आक्रोशित किसान उन पर हाथापाई करने को उतारू हो गए, लेकिन वहां मौके पर पुलिस पहुंच जाने से अनहोनी टल गई।
हल्दीराम का कारखाना टाटा मोटर के सिंगूर कारखाने से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हल्दीराम के मालिक की ओर से थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए अग्रवाल ने कहा कि अगर यही स्थिति रही, तो वह इस कारखाने को बंद करने पर विचार कर सकते हैं। हुगली के पुलिस कप्तान प्रवीण त्रिपाठी ने प्रभुशंकर अग्रवाल के साथ हुई घटना की पुष्टि करते हुए स्थिति नियंत्रण में होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।