नई दिल्ली - उपराज्यपाल के रुख के आगे झुकते हुए आप सरकार ने दिल्ली महिला आयोग के प्रमुख के तौर पर स्वाति मालीवाल की नियुक्ति संबंधी फाइल नजीब जंग के पास भेज दी है। दो दिन पहले ही एलजी ने उनकी मंजूरी नहीं लेने के लिए इस नियुक्ति को रद्द कर दिया था। नजीब जंग के साथ बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि मालीवाल की नियुक्ति संबंधी फाइल मंजूरी के लिए एलजी को भेज दी गई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पैनल को कमजोर करने की साजिश को विफल करने के लिए ऐसा किया गया है। सिसोदिया ने कहा कि मोदी सरकार ने दिल्ली महिला आयोग को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया था।
नए प्रमुख की नियुक्ति की गई है और इसे नए सिरे से शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन हस्ताक्षर को लेकर मुद्दा बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नेम प्लेट हटाई जा रही है, लेकिन हम इसे मुद्दा नहीं मानते हैं। इसलिए हमने फाइल को एलजी के पास उनके दस्तखत के लिए भेजा है ताकि पैनल को कमजोर करने की साजिश रोकी जा सके। जंग ने मंगलवार को मालीवाल की नियुक्ति को रद्द करते हुए कहा था कि उसमें कानूनी वैधता नहीं है और वह संविधान के प्रावधानों का उल्लंघन है।