इंदौर - मध्य प्रदेश के व्यापम घोटाले का खुलासा करने वाले प्रमुख कार्यकर्ता और सरकारी चिकित्सक अधिकारी डा. आनंद राय ने इंदौर के एक प्रशिक्षण संस्थान से उनका तबादला धार में किए जाने के संबंध में सोमवार को आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने उन्हें प्रताडि़त करने के लिए यह आदेश जारी किया है। डा. आनंद राय ने कहा कि व्यापम घोटाले में मेरे खुलासों से परेशान प्रदेश सरकार ने इंदौर के क्षेत्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र से मुझे कार्यमुक्त कर दिया है और धार के जिला अस्पताल भेज दिया है। स्वास्थ्य विभाग में आमतौर पर मई और जून के बीच तबादले किए जाते हैं, लेकिन मेरा तबादला जुलाई में किया गया। बदले की भावना से प्रेरित इस आदेश को अदालत में चुनौती देने के लिए मैं अपने वकील से सलाह-मशविरा कर रहा हूं।