नई दिल्ली - दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पुलिस को ठुल्ला कहना महंगा पड़ता दिखाई दे रहा है। राजधानी दिल्ली के गोविंदपुरी थाने व डाबरी पुलिस स्टेशन में केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। मालूम हो कि मुख्यमंत्री केजरीवाल ने एक इंटरव्यू के दौरान दिल्ली पुलिस को ठुल्ला कह दिया था। इस पर दिल्ली पुलिस के कमिश्नर बीएस बस्सी ने सख्त ऐतराज जताते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री पुलिस की इज्जत करना सीखें।
मामला एसीबी चीफ के अपॉइंटमेंट से जुड़ा था। मुख्यमंत्री से एक इंटरव्यू के दौरान इस बारे में पूछा गया था तो केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस का ठुल्ला अगर किसी रेहड़ी-पटरी वाले से पैसे मांगता है तो उसके खिलाफ भी केस नहीं होना चाहिए। यह मंजूर नहीं है। गरीबों ने हमें वोट दिए हैं। अगर कोई मजदूर हमारे पास आता है और कहता है कि पुलिसवाला या कोई सरकारी अफसर उससे रिश्वत मांग रहा है तो एसीबी को केस दर्ज करना होगा।