नई दिल्ली - दिल्ली, पंजाब, हरियाणा व उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में बारिश आफत बनी हुई है। दो दिनों से लगातार बारिश से उत्तराखंड का हाल बुरा हो गया है। बारिश और जहां-तहां लैंडस्लाइड के कारण लोगों को जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इस बीच, रविवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तराखंड के चमोली में भूकंप के झटके आए, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.0 थी। उत्तराखंड के वरुणावत पर्वत की चट्टानों में दरार की भी खबर है, जिसके कारण दस हजार लोगों की आबादी पर खतरा मंडरा रहा है।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में वरुणावत पहाड़ से रह-रह कर लैंडस्लाइड हो रही है, जिसके कारण इसके निचले हिस्से में बसी लगभग दस हजार लोगों की आबादी पर खतरा मंडरा रहा है। रविवार को केदारनाथ की पैदल यात्रा तो फिर से शुरू हो गई है लेकिन हवाई सेवा प्रभावित हो गई है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में रविवार से तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं तीन दिन के बाद कश्मीर में हालात में सुधार हुआ है। अमरनाथ यात्रा भी फिर से शुरू हो गई है। उधर, मुंबई-पुणे एक्सप्रेस-वे पर रविवार को जमीन धंस गई। एक्सप्रेस-वे से गुजर रही एक कार पर बड़े पत्थर आकर लगने से तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। मलबा गिरने के कारण ट्रैफिक पूरी तरह से ठप हो गया है। बताया जा रहा है कि मलबा हटाने में तीन दिन का वक्त लग सकता है।