नई दिल्ली - जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारतीय चौकियों पर गोलियां बरसाने वाले पाकिस्तान ने उल्टे भारत पर ही सीजफायर तोडऩे का दोष मढ़ा है।उफा में नरेंद्र मोदी और नवाज शरीफ के बीच हुए समझौते का उल्लंघन बताते हुए पाकिस्तान ने शनिवार को दावा किया है कि भारत की तरफ से हुई फायिंरग में उसके चार नागरिक मारे गए हैं। शनिवार को ईद पर पाकिस्तान आर्मी ने एक बार फिर एलओसी पुंछ सेक्टर पर सीजफायर तोड़ा था। इसमें पांच भारतीय नागरिक घायल हो गए थे। 12 घंटों में अंतराल में सीजफायर उल्लंघन की यह दूसरी घटना थी। पाकिस्तानी सेना ने इसका दोष भारत को ही दिया।
पाक सेना ने बीएसएफ पर बगैर किसी उकसावे के गोलीबारी करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि बीएसएफ ने उसके कब्जे वाले कश्मीर के नेजापीर सेक्टर में नियंत्रण रेखा से लगे इलाकों पर गोलीबारी की। पाकिस्तानी फौज के वरिष्ठ अधिकारी मेजर जनरल असीम बाजवा ने कहा, ‘त्योहारों के हर मौके पर भारत की ओर से फायिंरग की जाती है और फिर हम पर इसका दोष मढ़ा जाता है।’ इससे पहले पाक आर्मी ने शुक्रवार की रात को भी राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में भारतीय सैन्य चौकियों को निशाना बनाते हुए फायिंरग की थी। सेना के अधिकारियों ने जानकारी दी कि पुंछ सेक्टर के शाहपुर केरनी इलाके में दोपहर फायिंरग की गई, जिसका भारतीय सेना ने भी मावूल जवाब दिया।
इससे पहले ईद के मौके पर पाक रेंजर्स ने बीएसएफ जवानों की ईदी लेने से इनकार किया। गौरतलब है कि इस महीने में सीज़फायर उल्लंघन की कई घटनाएं सामने आई हैं। 15 जुलाई को बॉर्डर पर पाकिस्तान की तरफ से हुई फायिंरग और मोर्टार द्वारा की गई गोलाबारी में एक महिला की मौत हो गई जबकि दो बीएसएफ जवान समेत 5 लोग घायल हो गए । जबकि पाक आर्मी की तरफ से की गई फायिंरग में एक-एक बीएसएफ जवान की मौत हो गई थी।