नई दिल्ली - पश्चिमी दिल्ली में इमारत ढहने की घटना में मरने वालों की संख्या पांच हो गई है तथा हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। घटना के संबंध में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम दननि ने कार्रवाई करते हुए तीन कर्मियों को लापरवाही बरतने के लिए निलंबित कर दिया है, जबकि आम आदमी पार्टी की सरकार ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। घटना को लेकर भाजपा और आप के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि ध्वस्त हुई इमारत के मलबे में फंसे एक लडक़ी के शव को आज दोपहर बाहर निकाला गया। पीडि़त की पहचान आकांक्षा के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि अब मलबे में किसी के फंसे होने की आशंका नहीं है लेकिन मलबा हटाने का अभियान जारी है। दक्षिण दिल्ली नगर निगम एसडीएमसी के पश्चिमी जोन में आने वाले पश्चिमी दिल्ली के विष्णु गार्डन में कल रात हुए इस हादसे में घायल ओमप्रकाश 50 की आज उपचार के दौरान मौत हो गई। क्षेत्र के जिला प्रशासन के अनुसार, मरने वाले तीन अन्य लोगों की पहचान शादमा 20, बीना 15 और शरबती 33 के रूप में हुई जबकि आठ अन्य लोग भी इस घटना में घायल हुए। एक बयान में कहा गया कि दो को मामूली चोटें आई हैं जबकि छह गंभीर रूप से घायल हैं और इनमें चार को इलाज के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया है।