नई दिल्ली - दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी में कानून व्यवस्था की स्थिति बद से बदतर होने का आरोप लगाते हुए दिल्ली पुलिस आयुक्त बीएस बस्सी को सोमवार को तलब किया है। केजरीवाल उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया के साथ आनंद पर्वत इलाके में उस लडक़ी के परिजनों से मिले, जिसकी शुक्रवार को चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री को दिल्ली में कानून व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए या फिर दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार के हवाले कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली के गृहमंत्री ने दिल्ली पुलिस आयुक्त से 48 घंटे के भीतर इस मामले की रिपोर्ट सौंपने को कहा है। मैंने पुलिस आयुक्त को सोमवार को बुलाया है।