अहमदाबाद - देशभर में ईद के त्योहार के साथ ओडिशा के पुरी में सालाना रथ यात्रा निकाली गई। शनिवार को सुबह आठ बजे जगन्नाथ मंदिर में पूजा के बाद दोपहर अढ़ाई बजे पुरी से रथ यात्रा निकाली। जगन्नाथ के दर्शन पाने के लिए हजारों की संख्या में भक्त यहां पुरी में इकट्ठे हुए। वहीं गुजरात के अहमदाबाद में शनिवार को जबरदस्त सुरक्षा चौकसी के बीच मुख्यमंत्री आनंदीबेन ने झाडू लगाने की पहिंद विधि कर यहां पुराने शहर के जमालपुर के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर से 138वीं वार्षिक रथयात्रा की शनिवार सुबह विधिवत शुरुआत की।
सजे-धजे भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और बड़े भाई बलभद्र के रथ 18 गजराजों, एक सौ से अधिक ट्रक, दो दर्जन से अधिक भजन मंडलियों, 30 अखाड़ों के साथ शहर के विभिन्न इलाकों से करीब 20 किलोमीटर लंबे मार्ग से गुजरते हुए शनिवार देर शाम वापस जमालपुर मंदिर लौट आई। रथों को लगभग 1200 खलासी खीचते हुए इस मार्ग पर चला रहे थे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आईजी से लेकर डीआईजी स्तर के लगभग 20 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों और 40 एसपी तथा 80 डीएसपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों, लगभग अढ़ाई सौ इंस्पेक्टरों और 800 सब इंस्पेक्टरों समेत हजारों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।