नई दिल्ली - जम्मू-कश्मीर के गंदेरबल जिला में गुरुवार देर रात बादल फटने से चार लोगों की मौत हो गई और दो अन्य लापता हो गए। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि जिला में कंगन और गंगनगिर समेत विभिन्न स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं हुईं, जिसमें कई मकान, वाहन और अन्य संपत्ति क्षतिग्रस्त हो गई। कंगन के कुल्लन में बादल फटने से 16 वर्षीय इकरा माजिद और दस वर्षीय मोमिन अहमद की मौत हो गई। उनके शव कुछ दूरी पर बरामद किए गए हैं।
सूत्रों ने बताया कि लगातार जारी बारिश के कारण गुरुवार रात राहत एवं बचाव अभियान प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया गया। सिंध नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि एक महिला रूखसाना और उसका चार वर्षीय पुत्र आकिब बाबा लापता है। इस बीच, यात्रा के पारंपरिक मार्ग पहलगाम से लगने वाले पंजतरनी इलाके में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। तलाशी एवं बचाव अभियान शुक्रवार को भी जारी रहा।
उधर, उत्तराखंड में अगले 36 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी के बावजूद चार धाम तीर्थयात्रा जारी है। वहीं देहरादून के कालसी क्षेत्र में सराड़ी खड्ड को पार करते वक्त पति-पत्नी और उनका बच्चा पानी के तेज बहाव में बह गए। घटनास्थल से करीब 400 मीटर की दूरी पर पति-पत्नी के शव बरामद हुए। हालांकि, पांच साल के बच्चे को गांव के एक लडक़े ने बचा लिया। आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यहां बताया कि चार धाम और कुमाऊं मंडल के हिस्सों सहित उत्तराखंड में अगले 36 घंटे में भारी बारिश का अनुमान है।
राज्य आपात राहत केंद्र के सूत्रों ने बताया कि यमुनोत्री से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार एक महिला के यमुना नदी में डूबने की खबर है। चार धाम तीर्थयात्रा प्रशासन के अनुसार ऋषिकेश से शुरू होने वाली तीर्थयात्रा के श्रद्धालुओं को मौसम के संबंध में ताजा सूचना दी गई है।