कटड़ा - जम्मू-कश्मीर में दक्षिण-पूर्व एशिया की सबसे लंबी सुरंग खोलने के बाद खराब मौसम के कारण त्रिकुटा पहाड़ी पर फंसे केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि वैष्णो देवी मंदिर को हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर की तरह रोप-वे से जोड़े जाने की आवश्यकता है। श्री गडकरी ने कहा कि वह इस बारे में केंद्रीय पर्यटन मंत्री डा. महेश शर्मा से बात करेंगे और उन्हें सुझाव देंगे कि वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रियों की सुविधा के वास्ते रोप-वे बनाने के विकल्प पर विचार किया जाना चाहिए।
गडकरी जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर बन रही देश की सबसे लंबी सुरंग पर आखिरी विस्फोट करके उसे खोलने के बाद माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए हेलिकाप्टर से वहां पहुंचे। वापसी के समय अचानक मौसम खराब हो गया, जिसके कारण उन्हें पहले छह किलोमीटर तक बैटरी संचालित ऑटोरिक्शा से और फिर निर्माणाधीन सडक़ से कटड़ा पहुंचाया गया।