भोपाल - मध्य प्रदेश के व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) घोटाले की जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के कुछ अधिकारी सोमवार को भोपाल पहुंच गए। सीबीआई अधिकारियों ने एसटीएफ के अफसरों के साथ इस केस पर चर्चा की और उनसे मामले से जुड़े दस्तावेज लिए। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर व्यापम मामले की जांच के लिए सीबीआई ने 40 सदस्यीय टीम बनाई है। अब तक इस मामले की जांच उच्च न्यायालय द्वारा गठित एसआईटी की निगरानी में एसटीएफ कर रहा था।
सोमवार को सीबीआई की एक टीम भोपाल पहुंची और मामले की जांच प्रक्रिया शुरू कर दी। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस एचएल दत्तू ने नौ जुलाई को व्यापम घोटाले से जुड़े सभी मामलों की जांच सीबीआई को सौंप दी थी और कहा था कि वह 24 जुलाई से पहले अपनी शुरुआती जांच रिपोर्ट सौंप दे। सीबीआई को व्यापम के तहत हुई भर्तियों, पीएमटी परीक्षा और 46 से ज्यादा मौतों से जुड़े सभी मामलों की जांच का निर्देश दिया है। सीबीआई कुछ दिनों में व्यापम भर्तियों से संबंधित फाइलें एसटीएफ से अपने कब्जे में ले लेगी।
सीबीआई इस मामले में हुई मौतों को लेकर मध्य प्रदेश और अन्य राज्यों की पुलिस से भी मदद लेगी। मौत से जुड़े मामलों की जांच के दौरान सीबीआई की स्पेशल क्राइम यूनिट्स के जासूस एंटी क्रप्शन जोन के अधिकारियों की मदद करेंगे। उधर, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को यह कहते हुए सीबीआई की स्वतंत्रता पर सवाल उठाया कि यह प्रमुख जांच एजेंसी केंद्र से जुड़ी है, लेकिन उन्होंने यह भी उम्मीद किवह व्यापम घोटाले की जांच में इन बातों से ऊपर उठकर काम करेगी।