कोलकाता - पश्चिम बंगाल में तीव्र मस्तिष्क ज्वर (इंसेफेलाइटिस) से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज (एनबीएमसी) अस्पताल में तीव्र मस्तिष्क ज्वर से पीडि़त एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद इस बीमारी के कारण जनवरी से अब तक कुल 21 लोगों की मृत्यु हुई है। अधिकारी ने बताया कि अधेड़ उम्र का उक्त मरीज कई सप्ताह से इस रोग से पीडि़त था जिसकी शनिवार देर रात मृत्यु हुई।
उन्होंने कहा कि कुल 21 में से 14 मौत तीव्र इंसेफलाइटिस जबकि सात की जापानी इंसेफेलाइटिस के कारण मौत हुई है। हालांकि अधिकारी ने इस बीमारी से भयभीत नहीं होने की सलाह दी है। स्वास्थ्य अधिकारी ने आस्वस्त किया कि इस साल राज्य सरकार की ओर से बीमारी को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त एहतियाती कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस साल अब तक महानगर में कोई भी इंसेफेलाइटिस का मामला प्रकाश में नहीं आया है। गौरतलब है कि पिछले साल राज्य के विभिन्न हिस्सों में इंसेफेलाइटिस के विभिन्न प्रकार की वजह से 200 से अधिक लोगों की मृत्यु हुई थी।