नई दिल्ली - एक टी.वी. चैनल को दिए साक्षात्कार में अंडरवल्र्ड सरगना दाऊद इब्राहिम ने इस बात का खुलासा किया है कि मुम्बई धमाकों में उसका हाथ नहीं है। चैनल का दावा है कि यह साक्षात्कार फोन पर लिया गया है। इस साक्षात्कार में दाऊद ने दावा किया है कि उसने 24 साल बाद किसी पत्रकार को इंटरव्यू दिया है। दाऊद ने दावा किया है कि कुछ साल पहले वह भारत आने के लिए तैयार था। यही नहीं, अंडरवल्र्ड डॉन ने दावा किया है कि मुम्बई धमाकों से उसका कुछ लेना-देना नहीं।
अल कायदा से संबंध होने के बारे में जब उससे पूछा गया तो उसने कहा कि वह केवल एक कारोबारी है और कोई आतंकवादी है या नहीं, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस इंटरव्यू में दावा किया गया है कि उसने आई.पी.एल. के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी को 1,000 करोड़ रुपए कारोबार के सिलसिले में दिए थे। इस बातचीत में दाऊद ने कहा कि भारत में अब भी उसका 24,000 करोड़ का बिजनैस चल रहा है। उसके प्रतिद्वंद्वी छोटा राजन और गुजरात के एक अन्य डॉन की बात करने पर उसने कहा कि हर डॉन ने उससे मार खाई है। राजन तो कहीं बिल में घुसकर बैठा है और जिस दिन भी दिखेगा, मरेगा। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में दाऊद ने कहा कि क्रिकेट जगत और बॉलीवुड से पुराना रिश्ता है। मैं दोनों को बहुत पसंद करता हूं।
उसने इस तरह की खबरों से इंकार किया कि अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने फिल्म बनाने के लिए उससे पैसे मांगे थे। उसने कहा कि 1993 से पहले उसका सबसे उठना-बैठना था। यह पूछने पर कि अगर उसे अभी भारत वापस आने का ऑफर मिले तो वह क्या करेगा, दाऊद ने कहा कि फिलहाल उसने इस बारे में कुछ नहीं सोचा है। यह पूछने पर कि उसकी नजर में मोदी सरकार कैसा काम कर रही है तो उसने कहा कि वह अपना काम कर रही है और मैं अपना काम।