जम्मू/श्रीनगर - पहले सप्ताह में ही श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा एक लाख पार हो गया है। बुधवार को 19,911 शिवभक्तों ने पवित्र हिमलिंग के दर्शन किए। इसके साथ ही अब तक यात्रा करने वालों की कुल संख्या 1,04918 पहुंच गई। इससे पूर्व सुबह बालटाल व नुनवन आधार शिविरों से 13407 श्रद्धालु पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए। इस बीच, राज्यपाल व श्री बाबा अमरनाथ श्राइन बोर्ड के चेयरमैन एनएन वोहरा ने यात्रा की समीक्षा की।
राज्यपाल ने राजभवन में हुई उच्च स्तरीय बैठक में देशभर से आ रहे श्रद्धालुओं को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों व करंट पंजीकरण की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने निर्देश दिए कि बेहतर समन्वय से यात्रियों के लिए सुविधाएं व सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अगर यात्रा मार्ग पर मौसम के खराब होने की कोई पूर्व सूचना मिले तो यात्रा को रोका जाए।
बैठक में राज्यपाल को बताया गया कि श्रद्धालुओं के लिए आठ जुलाई तक करंट पंजीकरण के लिए 22,200 का कोटा जारी किया गया है। अब 11 व 12 जुलाई के लिए पंजीकरण का कोटा 9600 तय किया गया है।
बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीके त्रिपाठी ने राज्यपाल को बताया कि यात्रियों को बिजली, पानी, सफाई, चिकित्सा, लंगर जैसे सुविधाएं मिलती रहें। उन्होंने प्रबंधों के बारे में राज्यपाल को रिपोर्ट भी सौंपी।