नई दिल्ली - बम की धमकी के बाद मंगलवार को बैंकाक से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान की दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतररराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपात लैंडिंग कराई गई। सूत्रों ने बताया कि एयरबस 330 विमान दोपहर में करीब 1.41 बजे सुरक्षित उतरा। इसे अलग स्थान पर ले जाया गया और बाद में पता चला कि बम की धमकी एक कोरी अफवाह थी। विमान में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया, जिसके बाद विमान को उड़ान की मंजूरी दे दी गई। यह ड्रामा करीब चार घंटे तक चला।
सूत्रों ने कहा कि विमान के एक शौचालय में शीशे पर लिपस्टिक से लिखा हुआ था कि विमान के कार्गो वाले हिस्से में बम रखा हुआ है। इसके बाद पायलट ने नागपुर एटीसी से विमान को उतारने की अनुमति मांगी। उन्होंने पायलट को निर्देश दिया कि वह दिल्ली एटीसी से संपर्क करे। इसके बाद विमान को दिल्ली की तरफ मोड़ दिया गया और फिर यह विमान दोपहर के समय यहां उतरा। नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री महेश शर्मा ने कहा कि एनएसजी और बम निरोधक दस्ते को सेवा में लगा दिया गया था। उन्होंने कहा कि कैबिन के भीतर कोई विस्फोटक नहीं मिला।, जिसके बाद विमान को उड़ान भरने की इजाजत दे दी गई।