देहरादून - उत्तराखंड में रातभर जमकर बरसे बादलों ने नैनीताल में दो लोगों की जान ले ली। प्रशासन ने नदियों और झीलों के किनारे रहने वालों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा दी गई भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल, देहरादून और हरिद्वार समेत कई जिलों में स्कूल बंद रहे। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नैनीताल में भारी बारिश की वजह से एक पेड़ के गिर गया, जिससे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरे व्यक्ति की मौत जिला में रामनगर के पास एक नदी को पार करने की कोशिश के दौरान हुई।
माल रोड-बिरला स्कूल मार्ग पर भारी बारिश की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। भू-स्खलन के कारण मलबा माल रोड तक आ गया है और इस भू-स्खलन ने रास्ते में आए तकरीबन दर्जनभर मकानों को बुरी तरह प्रभावित किया है। हालांकि भू-स्खलन के मलबे से किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। एहतियाती तौर पर नैनीताल जिला में नदी, झील और धाराओं के पास रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, क्योंकि भारी वर्षा के कारण उनके बाढ़ की चपेट में आने की आशंका है। सूत्रों ने बताया कि कंट्रोल रूम को अलर्ट पर रखा गया है और सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से मंगलवार तक के लिए रद्द कर दी गई हैं। वहीं, बारिश के चलते उत्तराखंड में चारधाम यात्रा एक बार फिर रोकनी पड़ी।
केदारनाथ यात्रा के रास्ते में चिरवासा में भारी बारिश के कारण रोड ब्लॉक होने से कई यात्री फंस गए। रेस्क्यू टीमों ने करीब 356 यात्रियों को सुरक्षित निकालकर गौरीकुंड तक पहुंचाया है। ऋषिकेश में रविवार देर शाम से रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। उत्तराखंड के पहाड़ों पर हो रही बारिश के चलते कई जगहों पर लैंडस्लाइड भी हुआ है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कई इलाकों में अगले 48 घंटों में भारी बारिश की आशंका जताई है, जिसके चलते राज्य सरकार ने पौढ़ी गढ़वाल, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर समेत कई इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है।