श्रीनगर - अमरनाथ की दो जुलाई से शुरू होने जा रही यात्रा को शांतिपूर्ण और सुचारु बनाने के लिए सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान सुरक्षा के तीन स्तर पर इंतजाम किए गए हैं, जिसके तहत राज्य पुलिस, अर्द्धसैन्य बल और सेना ने यात्रा मार्गों पर अपनी स्थिति संभाल ली है। अनंतनाग के उपायुक्त अहमद खान ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेडिकल, लंगर, मोबाइल संपर्क, रुकने के स्टेशनों पर कैंप और राहत एवं बचावकर्मियों की तैनाती के इंतजाम किए गए हैं।
इसके अलावा गुफा मंदिर तक पहुंचने के लिए पहलगाम से होकर जाने वाले परंपरागत मार्ग में कुछ स्थानों पर रास्ते पर जमा बर्फ को हटाने का काम खराब मौसम के बावजूद किया जा रहा है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने जोर देकर कहा है कि किसी भी गैर पंजीकृत यात्री को गुफा मंदिर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। यात्रा के दौरान पंजीकृत श्रद्धालुओं के लिए एक लाख का बीमा मुफ्त कराया गया है। श्री खान ने बताया कि यात्रा पर किसी तरह का खतरा नहीं है और सभी श्रद्धालुओं का स्वागत है।
उन्हें बेखौफ यात्रा में हिस्सा लेना चाहिए। हालांकि श्री खान ने यात्रा पर किसी तरह का खतरा नहीं होने की बात कही है, लेकिन इसके बावजूद एहतियातन यात्रा के सुचारु और शांतिपूर्ण समापन को सुनिश्चित करने के लिए तीन स्तर पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं।