नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देशवासियों से अपने मन की बात की। मोदी ने लोगों से सोशल मीडिया पर अतुलनीय भारत के समर्थन में स्थलों की तस्वीरें शेयर करने, योग को आगे बढ़ाने, बेटियों को बचाने, बरसात में पानी बचाने और बहनों को जनसुरक्षा अभियान से जोडने की अपील की। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर हुए प्रयासों को प्रधानमंत्री ने सराहा। पीएम मोदी ने कहा कि योग दिवस का पूरी दुनिया ने स्वागत किया।
क्यों न हम अब सभी को अपनी परंपराओं और संस्कृति से परिचित कराएं? पूरा विश्व भारत को जानने के लिए उत्सुक है। हमें अपनी पारिवारिक प्रथा, सामाजिक मूल्यों से उसे परिचित कराना चाहिए। पीएम ने आईटी पेशेवरों से योग पर काम करने की अपील करते हुए ऐसा ऑनलाइन डेटाबेस बनाने की बात की, जिसपर योग से जुड़ी सभी ऐक्टिविटीज मालूम की जा सकें। इसके अलावा प्रधानमंत्री ने पिछले महीने कोलकाता में शुरू हुईं जनसुरक्षा की तीन योजनाओं से देश की महिलाओं को जोडने की बात करते कहा कि रक्षाबंधन पर हमें अपनी बहनों को इसी का तोहफा देना चाहिए। इस पवित्र त्योहार को ध्यान में रखते हुए हम माताओं, बहनों को 12 रुपए या 330 रुपए की योजनाएं दे सकते हैं। इस योजना में अब तक देश के 10 करोड़ से ज्यादा लोग जुड़ चुके हैं।