गुवाहाटी - असम और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में रविवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.6 आंकी गई। भूकंप का केंद्र असम के कोकराझार से 23 किलोमीटर दूर बसुगांव में बताया गया है। भूकंप के झटके भूटान, बांग्लादेश और नेपाल के अलावा उत्तर पूर्व के कई राज्यों में भी लगे हैं। असम के कोकराझार जिला में दो लोग घायल हो गए हैं, जबकि बंगाल में जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
कोकराझार जिला के एक अधिकारी ने बताया कि झटके की वजह से कोकराझार में एक दीवार ढह गई, जिसमें दो लोग घायल हो गए और इसके आसापास मौजूद कुछ साइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गईं। उधर, जम्मू-कश्मीर में भी भूकंप का झटका महसूस होते ही अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से निकलकर खुले में आ गए।