सहारनपुर - सहारनपुर के कस्बा रामपुर मनिहारान में कल रात छेड़छाड़ के बाद एक समुदाय के लोगों और पुलिस के बीच हुए संघर्ष में वसीम नामक एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। इस मामले में थाना प्रभारी समेत 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सहारपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक अशोक राघव ने संवाददाताओं से कहा कि कल रात हुयी इस घटना के बाद आज मेरठ जोन के पुलिस महानिरीक्षक आलोक शर्मा ने रामपुर मनिहारन कस्बा पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। श्री राघव ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर थाना प्रभारी प्रेमवीर सिंह राणा समेत 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि श्री शर्मा ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। इस बीच भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और लडक़ी वालों से छेड़छाड़ के मामले की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह एसएसपी से मिलकर मामला दर्ज करायेंगे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करायेंगे।
कल रात रामपुर मनिहारन कस्बे में छेड़छाड़ को लेकर 2 पक्ष के लोगों में कहासुनी के बाद पथराव और फायरिंग हुयी। मौके पर पहुंची पुलिस पर एक पक्ष के लोगों ने पथराव और फायरिंग की। इस घटना में थानेदार समेत 3 पुलिसकर्मी घायल हो गये थे। गोलीबारी में वसीम नामक घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गयी थी। घटना के बाद गुस्साये लोगों ने सहारनपुर-दिल्ली मार्ग पर जाम लगा दिया था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर देर रात जाम खुलवाया।