नयी दिल्ली - दिल्ली की आप सरकार ने बृहस्पतिवार को 2015-16 के लिए 41,129 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। आप सरकार का यह पहला पूर्ण बजट है। इसे राज्य के वित्तमंत्री मनीष सिसोदिया ने पेश किया और इसे देश का पहला ‘स्वराज बजट’ बताया। इस में बजट में दिल्ली में मुफ्त वाई-फाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इससे सभी गांवों और स्कूलों को पहले चरण में फ्री वाई-फाई सुविधा दी जायेगी। बजट को पेश करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री मनीष सिसौदिया ने बताया कि इस बजट को बनाने के लिए मोहल्ला सभा के जरिए आम लोगों से राय ली गयी।
दिल्ली सरकार ने शिक्षा का बजट दोगुना करते हुए 9836 करोड़ रुपये एजुकेशन के लिए रखा है। इससे 3 नये आईटीआई और 5 नये पॉलीटेक्निक खोले जाएंगे। इसके साथ ही 20 हजार नये शिक्षकों की भर्ती होगी और एक साल 236 नये स्कूल खोले जाएंगे। 10+2 पास करते व$क्त छात्रों को दो सर्टिफिकेट देने की योजना है, एक सामान्य शिक्षा से संबंधित, दूसरा स्किल से संबंधित होगा। सभी सरकारी स्कूलों के सभी क्लास में सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। दिल्ली में एक साल में 50 स्कूलों को मॉडल स्कूल बनाएंगे। दिल्ली के हर नागरिक को डिजीटल हेल्थ कार्ड मिलेगा। हर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाएं बढ़ाई जाएगी।