नई दिल्ली - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरूवार को शहरी भारत की तस्वीर बदलने के लिए तीन बड़ी योजनाएं लांच कीं। तीनों ही योजनाएं शहरी भारत से जुड़ी हुई हैं। इनमें 100 स्मार्ट सिटी बनाने, 500 शहरों के लिए अटल शहरी पुनर्जीवन-परिवर्तन मिशन और 2022 तक शहरी इलाकों में सभी के लिए घर बनाने की योजना शामिल है।
पीएम मोदी ने इन सभी योजनाओं को गुरुवार को दिल्ली के विज्ञान भवन में लांच किया। इसके अलावा उन्होंने आवास मिशन का लोगो भी जारी किया। इन तीनों योजनाओं को तैयार करने में प्रधानमंत्री खुद जुड़े रहे हैं और इनके लिए सरकार अगले पांच साल में चार लाख करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है।