नई दिल्ली - कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के इस्तीफे और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। ईरानी की शैक्षणिक योग्यता को लेकर कथित रूप से गलत जानकारी देने के मामले में यहां एक अदालत में दायर याचिका स्वीकार कर लिए जाने के बाद उनके इस्तीफे की यह मांग की गई। ईरानी मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को शर्मिदगी झेलनी पड़ी, हालांकि पार्टी ने अपनी मंत्री का बचाव करते हुए अदालत के सम्मुख पेश किए गए ईरानी के हलफनामे में गड़बड़ी को मुद्रण की गलती बताया।
अदालत ने कहा, "शिकायतकर्ता (अहमर खान) की ओर से दिए गए तर्क उचित प्रतीत होते हैं।" अदालत इस मामले की अगली सुनवाई (28 अगस्त) पर शिकायतकर्ता और अन्य लोगों के बयान गवाह के रूप में दर्ज करेगी। अदालत ने एक जून को अहमर खान द्वारा दायर शिकायत पर संज्ञान लेने के संबंध में अपने आदेश को सुरक्षित रख लिया था। अहमर ने आरोप लगाया है कि स्मृति ईरानी ने लोकसभा और राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते समय निर्वाचन आयोग के समक्ष दाखिल तीन शपथ पत्रों में अपनी शैक्षिक योग्यता के संबंध में गलत जानकारी दी है।