नई दिल्ली - उच्चतम न्यायालय द्वारा रद्द की गई अखिल भारतीय प्री-मेडिकल-प्री-डेंटल परीक्षा (एआईपीएमटी) अब 25 जुलाई को होगी। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(सीबीएसई) द्वारा मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह परीक्षा शनिवार 25 जुलाई को होगी और इसमें वे सभी छात्र भाग ले सकेंगे जो रद्द की गई परीक्षा में शामिल हुए थे। उन्हें इसके लिए अब नए सिरे से आवेदन करने की जरूरत नहीं है। जिन छात्रों ने गत पहली दिसंबर से 31 जनवरी के बीच फीस आदि के साथ आवेदन जमा किए थे उन्हें दोबारा फार्म नहीं भरना पड़ेगा। छात्रों को एआईपीएमटी की वेबसाइट देखने के लिए कहा गया है और उन्हें पहले के आवेदन में दिए गए मोबाइल नम्बर तथा ई-मेल को सक्रिय रखने के लिए कहा गया है ताकि उन्हें परीक्षा के बारे में सीबीएसई से जानकारी मिलती रहे।