लखनऊ - प्रदेश सरकार ने सौर उर्जा को बढावा देने के लिये इसके उपकरणों पर अब मूल्य संवर्धित कर (वैट) को पूरी तरह से खत्म करने का निर्णय लिया है तथा उन्नाव के पक्षी विहार का नाम अब शहीद चन्द्रशेखर आजाद के नाम से जाना जायेगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में आज यहां हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि राज्य में सौर ऊर्जा को बढावा देने के लिये इसके उपकरणों पर लगे वेट को पूरी तरह से समाप्त कर दिया गया है।
राज्य के लोग वैकल्पिक ऊर्जा के रूप में सौर ऊर्जा का इस्तेमाल कर सकें, इसीलिये वैट को हटाया गया है। उन्नाव का पक्षी विहार अब शहीद चंद्रशेखर आजाद के नाम से जाना जाएगा। इसके अलावा लखनऊ के चिडियाघर (प्राणि उद्यान) का नाम बदल कर 'नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान लखनऊ करने को मंत्रिमंडल ने मंजूरी दी है। राज्य में अब गरीबों का पंजीकरण किया जाएगा। इनके पंजीकरण के हिसाब से सरकार बजट भी बनाएगी। सरकार मीडिया के माध्यम से गरीबों को इस योजना की जानकारी देगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सौर ऊर्जा पंप की योजना सफल रही है। इस वर्ष भी सरकार पांच हजार सौर ऊर्जा पंप देगी। इसके साथ ही मंत्रिमंडल ने राज्य के हाईस्कूल व इंटर के मेधावियों को लैपटाप वितरण तथा निष्प्रयोज्य जहाज व हेलीकॉप्टर बेचने की मंजूरी दी।
मंत्रिमंडल ने आज कानपुर में बिजली आपूर्ति के लिये टोरंट पावर के साथ करार खत्म कर दिया, जबकि वाराणसी के सम्पूर्णानंद संस्कृत विवि जीर्णोंद्धार का काम केंद्रीय संस्था को देने पर मुहर लगी। इसके साथ प्रदेश में वित्त और लेखा समूह ख संवर्ग के पुनर्गठन, यूपी पुलिस रेडियो सेवा नियमावली में संशोधन तथा सफाई कर्मचारी नियोजन शुष्क शौचालय अधिनियम निरस्त करने को मंजूरी दी गई है। मंत्रिमंडल ने मुरादाबाद में दुग्ध संघ की जमीन एनएचआई को देने के प्रस्ताव पर मुहर लगाई। अब राज्य में गरीबों को राज सहायता (सब्सिडी) पर गरीबों को सोलर पावर पैड, इलाहाबाद के संगम क्षेत्र में फोर लेन रोड तथा पुल के साथ हापुड़ की धौलाना तहसील से नान गांव को हटाने की मंजूरी प्रदान की गई।