नई दिल्ली - ललित मोदी प्रकरण पर कांग्रेस ने सोमवार को फिर केंद्र सरकार से पांच सवाल पूछे हैं। प्रेस कान्फ्रेंस में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि हर दिन एक नया स्कैंडल उजागर हो रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री चुप हैं। प्रेस कान्फ्रेंस में मौजूद जयराम रमेश ने कहा कि प्रधानमंत्री को मौन व्रत तोडक़र मन की बात करनी चाहिए।
यह सब प्रधानमंत्री के नाक के नीचे हो रहा था। पीएम अपने निद्रासन से उठें और हमारे सवालों का जवाब दें। कांग्रेस ने पूछा कि क्या सुषमा स्वराज पासपोर्ट एक्ट की दोषी नहीं है? क्या वसुंधरा राजे मनी लांड्रिंग केस की दोषी नहीं है? जेटली क्यों वसुंधरा-ललित मोदी को क्लीन चीट दे रहे हैं, जबकि ईडी जांच कर रही है? वसुंधरा के बेटे को क्यों बचाया जा रहा है? इस सारे मामले में पीएम मोदी चुप क्यों है?