जयपुर - आईपीएल के पूर्व आयुक्त ललित मोदी विवाद में घिरीं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पंजाब के श्रीआनंदपुर साहिब का शुक्रवार का अपना दौरा रद्द कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि चिकित्सकों के परामर्श पर पीठ की दर्द की वजह से राजे ने श्रीआनंदपुर साहिब जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। चिकित्सकों ने राजे को आराम करने की सलाह दी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वसुंधरा को श्रीआनंदपुर साहिब की स्थापना के 350 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में शामिल होना था। अपनी इस यात्रा के दौरान वह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और गृहमंत्री राजनाथ सिंह से भी मिलने वाली थीं। गौर हो कि चंद दिन पहले पूर्व आईपीएल प्रमुख ललित मोदी ने दावा किया है कि वसुंधरा ने ब्रिटेन आव्रजन के उनके दस्तावेजों का समर्थन किया था।