नई दिल्ली - ललित मोदी के वीजा मामले के बाद राजस्थान की सीएम वसुंधरा राजे पर मीडिया व विपक्षी दलों के दबाव के बीच शुक्रवार को भाजपा आलाकमान ने साफ किया कि वसुंधरा राजे को सीएम पद से नहीं हटाया जाएगा। यह जानकारी भाजपा प्रवक्ता ने शुक्रवार दोपहर में दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाजपा का मानना है कि वसुंधरा कह चुकी हैं कि ललित मोदी से उनके पारिवारिक रिश्ते हैं।
वह किन्हीं डाक्यूमेंट्स के बारे में नहीं जानतीं। भाजपा के अनुसार एक आरोपी हमेशा दूसरों पर दोषारोपण करेगा, लेकिन पार्टी वसुंधरा राजे द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण से संतुष्ट है। ललित मोदी आरोपी हैं और इस बाबत जांच की जा रही है। ललित मोदी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी और इस प्रक्रिया पर हालिया विवाद से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। दूसरी ओर सुषमा स्वराज पर पार्टी अपना रुख पहले ही साफ कर चुकी है। राजे के बेटे दुष्यंत अपनी कंपनी पर उठ रहे सवालों पर सफाई देंगे।
ललित मोदी का कहना है कि साल 2011 में जब वह ब्रिटेन में प्रवास बढ़ाना चाहते थे, तब राजे ने मामले को गोपनीय बनाए रखने की शर्त पर उनकी इमीग्रेशन अर्जी का समर्थन किया था। आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी और उनकी पत्नी ने साल 2013 में घोषित किया था कि उनके पास दुष्यंत सिंह की कंपनी नियंत हेरिटेज होटल प्राइवेट लिमिटेड के 10 रुपए कीमत वाले करीब 6000 शेयर हैं।
इन शेयरों के लिए उन्होंने करीब 96 हजार रुपए प्रति शेयर चुकाए थे। इसके अलावा मोदी की कंपनी ने दुष्यंत सिंह की कंपनी को बिना किसी गारंटी के 11 करोड़ रुपए का लोन दिया था। हालांकि इस सौदे को लेकर उठ रहे सवालों के बीच दुष्यंत ने दावा किया कि उनकी कंपनी नियंत हेरिटेज होटल्स प्राइवेट लिमिटेड (एनएचपीएल) ने न तो कुछ गैरकानूनी किया और न ही कोई अनियमितता की है।
दुष्यंत ने एक बयान में कहा कि फिलहाल मैं एक निजी विदेशी यात्रा पर हूं। मुझे जानकारी मिली कि पिछले कुछ दिनों से मीडिया में भ्रामक और दुष्प्रचार चल रहा है तथा मेरी छवि को बिगाडऩे का प्रयास हो रहा है, जो बेहद गैरकानूनी है। इससे पहले की खबर के अनुसार ललित मोदी विवाद में घिरीं राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पंजाब के आनंदपुर साहिब का शुक्रवार का अपना दौरा रद्द कर दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि चिकित्सकों के परामर्श पर पीठ की दर्द की वजह से राजे ने आनदंपुर साहिब जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया है। चिकित्सकों ने राजे को आराम करने की सलाह दी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वसुंधरा को आनंदपुर साहिब की स्थापना के 350 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित समारोह में शामिल होना था। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने भी शिरकत की।