मुंबई - गुरुवार-शुक्रवार को मुंबई में हुई बारिश के बाद वडाला इलाके में दो लोगों की करंट लगने से मौत हो गई। बारिश के बाद समुद्र में दोपहर बाद ऊंचीं लहरें (हाई टाइड) उठ रही हैं। हाई टाइड से सुमद्र किनारे वाले इलाकों में डिजास्टर की आशंका को देखते हुए नेवी के हेलिकाप्टरों को अलर्ट पर रखा गया है। नेवी बीएमसी और मुंबई की अन्य दूसरी संस्थाओं के संपर्क में है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों समुद्र के किनारों से दूर रहने को कहा है। मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में भारी बारिश जारी रहने की भविष्यवाणी की है। मुंबई में अब तक रिकार्ड 283 एमएम बारिश हो चुकी है। बारिश के चलते मुंबई के 35 इलाकों में पानी भरा हुआ है। मुंबई की लोकल ट्रेनों पर बारिश का बुरा असर पड़ा है। वेस्टर्न लाइन पर ट्रेनें बहुत धीमी रफ्तार से चल रही हैं।
शहर में बहने वाली मीठी नदी में पानी का लेवल खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। बारिश को देखते हुए मुंबई के स्कूल शुक्रवार के बाद शनिवार को भी बंद रहेंगे। मुंबई से उड़ान भरने वाली 26 फ्लाइट्स पर भी बारिश का असर पड़ा है और मेट्रो भी देरी से चल रही है।