ज्यूरिख - स्विट्जरलैंड के बैंकों में भारतीयों द्वारा जमा किए पैसे में पिछले साल तेजी से कमी आई है। स्विस बैंकिंग सिस्टम द्वारा बरती जाने वाली गोपनीयता पर भारत और अन्य देशों की सरकारों का शिकंजा कसता चला जा रहा है। इसी वजह से भारतीयों द्वारा जमा की गई रकम पिछले साल 10 फीसदी घटकर अब सिर्फ 1.8 अरब स्विस फ्रैंक (करीब 12615 करोड़ रुपए) रह गई है।
स्विट्जरलैंड के केंद्रीय बैंक एसएनबी (स्विस नेशनल बैंक) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक भारतीयों द्वारा स्विट्जरलैंड के बैंकों में जमा धन 21.5 करोड़ स्विस फ्रैंक घटकर 181.5 करोड़ स्विस फ्रैंक (1.98 अरब यूएस डालर) पर आ गया है। इससे पहले यह 203 करोड़ स्विस फ्रैंक था। भारतीयों द्वारा स्विस बैंकों में जमा राशि दूसरे न्यूनतम स्तर पर पहुंच गई है। इसके उलट दुनिया के बाकी देशों के विदेशी ग्राहकों द्वारा स्विस बैंकों में जमा रकम पिछले साल बढ़ी है।
साल 2014 में यह बढक़र 1500 अरब स्विस फ्रैंक (1600 अरब यूएस डालर या 103 लाख करोड़ रुपए) हो गई। यह रकम 2013 के अंत तक सिर्फ 90 लाख करोड़ रुपए थी, जो अब तक का रिकार्ड न्यूनतम स्तर था। साल 2012 में स्विस बैंकों में जमा भारतीय धन 1.42 अरब स्विस फ्रैंक (8530 करोड़ रुपए) था। साल 2013 में इसमें 40 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई थी। ताजा आंकड़ों पर नजर डालें तो स्विस बैंकों में निजी और कंपनियों द्वारा कुल जमा भारतीय धन 2014 के आखिर में 17.76 करोड़ स्विस फ्रैंक (12350 करोड़ रुपए) था।