नई दिल्ली - करप्शन के आरोपी आईपीएल के पूर्व कमिश्नर ललित मोदी की मदद को लेकर राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की मुश्किलें खत्म होती नहीं दिख रही हैं। बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने पार्टी प्रवक्ताओं से वसुंधरा का बचाव न करने को कहा है। बताया जा रहा है कि वसुंधरा को उनके पद से हटाया भी जा सकता है। विवाद को लेकर बुधवार को वसुंधरा ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह को सफाई भी दी थी, लेकिन पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व जवाब से संतुष्ट नहीं है।
केंद्रीय नेतृत्व की तरफ से बढ़ रहे दबाव के बीच राजस्थान सरकार के मंत्री राजेंद्र राठौर ने कहा है कि पार्टी और सरकार वसुंधरा के साथ है। वहीं, वसुंधरा राजे के प्रेस सलाहकार ने एक बयान जारी कर कहा है कि राजस्थान की मुख्यमंत्री ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मिलने का वक्त नहीं मांगा है। बयान में यह भी कहा गया कि राजस्थान बीजेपी से कोई भी विधायक दिल्ली नहीं गया है। इससे पहले खबर आई थी कि वसुंधरा ने केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव बनाने के लिए अपने 35 विधायकों को दिल्ली भेजा है।