नई दिल्ली - तमाम विवादों में घिरी आम आदमी पार्टी (आप) के लिए मुसीबतें और बढऩे वाली हैं। दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार के बीच चल रही जंग में अब केंद्र सरकार के अधीन आने वाली दिल्ली पुलिस बड़ा कदम उठाते हुए आप के 21 विधायकों के खिलाफ चार्जशीट दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इन विधायकों के खिलाफ बीते दो साल में जो मामले दर्ज हुए हैं, दिल्ली पुलिस अब उन पर चार्जशीट दर्ज करने की तैयारी में है।
इन विधायकों में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के भी नाम हैं। दिल्ली पुलिस के थानों में इन 21 विधायकों के खिलाफ कुल 24 केस दर्ज हैं। सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ छह मामलों में पहले ही चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इनमें से दो मामले गैर-जमानती हैं। इन पर जुलाई के पहले हफ्ते में सुनवाई होनी है। इनमें स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन भी शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं से बदसलूकी के मामले में कोंडली के विधायक मनोज कुमार, फर्जी डिग्री के मामले में जितेंद्र तोमर, महिलाओं से बदसलूकी मामले में विधायक अखिलेशपति त्रिपाठी और दहेज उत्पीडऩ के मामले में सोमनाथ भारती के खिलाफ चार्जशीट दर्ज करने की तैयारी है।