आगरा - ताज नगरी आगरा में 22वें ताज महोत्सव का मंगलवार को रंगारंग आगाज हुआ । 19 से 28 फरवरी तक चलने वाले ताज महोत्सव का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने किया। ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि किसी का भूगोल सही होता है और किसी का इतिहास । आगरा के लोग खुशनसीब हैं कि उनका इतिहास और भूगोल दोनों शानदार हैं । ताज और आगरा एक-दूसरे के पूरक हैं ।
राज्य के मंत्री अरिदमन सिंह ने कहा कि ताज महोत्सव स्थानीय लोगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए । विदेशी पर्यटक इसे अपने यात्रा योजना में शामिल करें, इसके लिए प्रचार पर जोर दिया जाए। राज्य मंत्री रामसकल गुर्जन ने कहा कि पर्यटन उद्योग को बहुत से देश बढाने में लगे हैं । उन्होंने कहा कि ताज देखने के लिए पूरे विश्व से पर्यटक यहां आते हैं और ताज को रात में देखने की योजना समाजवादी पार्टी ने ही शुरू कराया था। अतिथियों के संबोधन के बाद मशहूर गजल गायक सुधीर नारायन, फिल्म अभिनेत्री सनोबर कबीर ने रंगारंग प्रस्तुति दी