आगरा - दूरसंचार क्षेत्र की सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने ऐतिहासिक स्थलों को वाई फाई से जोडऩे के महत्त्वाकांक्षी कार्यक्रम की दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को विश्व धरोहर ताजमहल में वाई फाई सेवा शुरू कर दी। केंद्रीय संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने ताजमहल में वाई फाई सेवा का शुभारंभ करते हए कहा कि बीएसएनएल उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में चालू वित्त वर्ष में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार के लिए 1200 करोड़ रुपए निवेश की योजना बना रही है।
ताजमहल में वाई फाई के शुभारंभ के मौके पर श्री प्रसाद के अलावा केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री रामशंकर कठेरिया, बीएसएनएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव, बीएसएनएल के निदेशक एनके गुप्ता के साथ ही बीएसएनएल उत्तर प्रदेश (पश्चिमी क्षेत्र) के मुख्य महाप्रबंधक प्रदीप कुमार उपस्थित थे।