होडल - क्षेत्र में बिजली, पानी की किल्लत को लेकर स्थानीय कांग्रेस विधायक उदयभान व पलवल के विधायक करण दलाल ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ राज्यपाल के नाम नायब तहसीलदार संजीव नागर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने से पहले सभी कार्यकर्ता विधायक उदयभान के अनाज मंडी स्थित पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उपमंडल कार्यालय पहुंचे, जहां चिलचिलाती गर्मी और धूप में लगभग तीन घंटे तक दोनों विधायकों ने सभा को सम्बोधित किया।
सभा में मौजूद सभी लोग बिजली पानी की किल्लत को लेकर त्राहि त्राहि कर रहे थे, जिस पर विधायक उदयभान ने कहा कि आज वह क्षेत्र की जनता के साथ समस्या को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन दे रहे हैं। अगर इसके बाद भी बिजली विभाग की नींद नहीं खुली तो वह आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे। विधायक करण दलाल ने कहा कि शहर से भी ज्यादा बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्रों का है, जहां किसान 44 डिग्री तापमान में पूरा दिन और रात बिजली की बाट जोहता रहता है। अघोषित कटौती के कारण समय पर सिंचाई भी नहीं हो पा रही है।