जयपुर - राजस्थान के टोंक जिले में बारात लेकर जा रही एक बस में करंट आने से 15 बाराती जिंदा जल गये और 25 अन्य झुलस गये। हादसा बिजली के ढीले हाई टेंशन तार के कारण हुआ। बस इस तार को छू गयी। करंट इतना ज्यादा था कि बारातियों को बस से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। 15 बारातियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इधर, पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने मृतकों की संख्या इससे ज्यादा बतायी है। हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 2.30 बजे बापरदा और सांच गांव के बीच हुआ।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बस में सवार लोगों ने बचने के लिए बाहर निकले की कोशिश की, लेकिन करंट ने उनकी जान ले ली। बाद में बिजली बंद होने से कुछ बारातियों की जान बची। हादसे के बाद आसपास के गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गये। उन्होंने ही तार को हटाया और बस से लाशों और झुलसे लोगों को निकाला। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि बिजली विभाग की लापरवाही से सडक़ पर तार झूल रहे हैं। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।
उनका कहना था कि गांव के ऊपर से गुजर रही 11केवी की लाइन हटाने के लिए प्रशासन को कई बार कहा था, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। उधर, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार को 5-5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।