नई दिल्ली - बीते दो महीने से वेतन न मिलने के चलते हड़ताल कर रहे पूर्वी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों ने शुक्रवार को आखिरकार हड़ताल वापस ले ली है। कर्मचारियों ने अगले कुछ दिनों में वेतन का भुगतान किए जाने का आश्वासन मिलने के बाद अपनी हड़ताल खत्म की। सफाई कर्मचारियों ने वादा किया है कि पूर्वी दिल्ली में फैली तमाम गंदगी को वे दो दिन में साफ कर देंगे। इसके साथ ही कई दिनों से चल रही कूड़े पर राजनीति का भी अंत हो गया है।
दिल्ली हाई कोर्ट ने मामले में आदेश जारी करते हुए कहा था कि दिल्ली सरकार कर्मचारियों को सैलरी दे साथ ही ईस्ट एमसीडी को सुरक्षा भी प्रदान करे। अदालत ने सरकार के अलावा पुलिस और ईस्ट एमसीडी को भी 19 जून तक मामले में रिपोर्ट देने के लिए भी कहा था। इससे पहले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी हड़ताली कर्मचारियों से मिलने पहुंचे। राहुल ने हड़ताली सफाई कर्मचारियों से कहा कि दोनों सरकारें बहाना बना रही हैं, ऐसे में मांगने से नहीं, शक्ति दिखाने से ही कुछ हासिल हो सकता है।