जम्मू - जम्मू-कश्मीर के रेयासी जिला के कटरा स्थित श्री माता वैष्णो देवी तीर्थस्थल बोर्ड के कार्यालय के लेखा विभाग में आग लग जाने से कुछ कम्प्यूटर और आधिकारिक रिकार्ड जल गए। पुलिस ने शुक्रवार को यहां बताया कि गुरुवार रात कार्यालय में आग लग गई।
पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कटरा स्थित अग्निशमन विभाग के कर्मियों ने आग पर काबू किया। आरंभिक जांच से पता लगा है कि तीन कम्प्यूटर, कुछ अन्य सामान तथा कुछ फाइलें जल गई हैं। पुलिस ने बताया कि आग के कारणों का पता लगाने के लिए आरंभिक जांच शुरू कर दी गई है। उधमपुर से एफएसएल की टीम भी बुला ली गई।