श्रीनगर - कश्मीर में अलगावादियों की हिमाकत बढ़ते ही जा रही है। पहले कई बार घाटी में पाकिस्तानी झंडा फहराने के बाद शुक्रवार को यहां आईएसआईएस के भी झंडे लहराए गए। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद अलगाववादियों ने पाकिस्तान और आईएस के झंडे लहराए। पुलिस ने उनको पकडऩे का भी प्रयास किया, लेकिन वे पुलिस पर पथराव करते हुए भागने में कामयाब रहे।
कश्मीर घाटी में प्रदर्शनों के दौरान कम से कम दो स्थानों पर आतंकवादी समूह आईएसआईएस और पाकिस्तान का झंडा फहराया गया। प्रदर्शनों का आयोजन गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा एक अलगाववादी कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में किया गया था। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस्लामिक स्टेट के झंडे से मिलता-जुलता काला बैनर थामे नकाबपोश युवकों के एक समूह ने जुम्मे की नमाज के तुरंत बाद जामिया मस्जिद से नौहाटा चौक तक मार्च निकाला।
उन्होंने बताया कि पुलिस के हरकत में आने से पहले इलाके में कुछ युवाओं ने पाकिस्तानी झंडे भी फहराए। हालांकि बाद में पुलिस ने सभी को वहां से भगा दिया। इस सिलसिले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। सूत्रों ने कहा कि उत्तर कश्मीर के कुपवाड़ा से आई खबरों के अनुसार, जुमे की नमाज के बाद यहां भी कुछ जगहों पर पाकिस्तानी झंडे फहराए गए। सूत्रों ने बताया कि सोपोर और बारामुल्ला जिलों में कुछ स्थानों से हिंसक प्रदर्शनों की भी सूचना है।