श्रीनगर - पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को एक बार फिर से एलओसी पर बिना किसी उकसावे के पुंछ सेक्टर में गोलीबारी की। इसके बाद भारतीय सैनिकों ने भी जवाबी कार्रवाई की। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने इस बारे में बताया कि पाकिस्तान सेना ने सुबह 9.15 बजे से छोटे और भारी हथियारों से रुक-रुक कर गोलाबारी शुरू की। हमारे सैनिकों ने भी समान क्षमता के हथियारों से जवाब दिया।
अधिकारी ने बताया कि किसी के हताहत होने या किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। बीते दिनों भारतीय सेना द्वारा म्यांमार में संपन्न किए गए सैन्य अभियान को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच वॉक युद्ध शुरू हो गया है। केंद्र में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने आतंकी हमले करने पर पाकिस्तान में भी जाकर आतंकियों को मारने की बात कही थी।