नई दिल्ली - अगर आप इंटरनेट पर टॉप क्रिमिनल्स के नाम डालकर सर्च करें तो कुछ नाम स्वाभाविक तौर पर सामने आएंगे। दाऊद इब्राहिम, ओसामा बिन लादेन, अल-जवाहरी आदि, लेकिन इन नामों की फेहरिस्त में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी दिखाई दे रहा है। गूगल सर्च में मोदी का नाम अपराधियों की लिस्ट में दिखाए जाने के बाद ट्विटर पर भी यह युद्ध छिड़ गया। पीएम मोदी का नाम इस लिस्ट में आने के बाद उनके समर्थक तो गुस्से में हैं ही, लेकिन उनके घोर प्रतिद्वंद्वी भी इसे लेकर बहुत नाराज हैं।
‘टॉप10 क्रिमिनल्स’ हैशटैग बुधवार को ट्विटर के टॉप ट्रेंड में शामिल हो गया था। मोदी समर्थकों के बीच इस बात को लेकर खासी नाराजगी देखी गई। मोदी का नाम इस लिस्ट में आने के पीछे 2002 के गुजरात दंगों में उनकी कथित भूमिका को माना जा रहा है। इसके साथ ही अल्पसंख्यकों के प्रति भाजपा की विचारधारा भी इसके लिए जिम्मेदार ठहराई जा रही है। ज्यादातर मोदी समर्थकों ने उनकी तस्वीरें हटाने की मांग की। समर्थकों ने विरोधियों पर जमकर हमला भी बोला। कांग्रेस नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।
गूगल पर सर्च करने पर पीएम मोदी का नाम टॉप 10 अपराधियों में आने पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि मैं मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक नहीं हूं, लेकिन गूगल पर सर्च करने पर भारत के शीर्ष अपराधियों में उनकी फोटो देखकर मैं हैरान हूं। टीम मोदी आपने यह होने कैसे दिया? या यह उन लोगों का काम है जो टीम मोदी से निराश हैं? एक भारतीय होने के नाते अपने पीएम का नाम शीर्ष अपराधियों में देखना राष्ट्रीय शर्म का विषय है। मैं शर्म से अपना सिर झुकाता हूं।