श्रीनगर - कश्मीर में पाकिस्तानी झंडे लहराए जाने की एक और घटना में अनंतनाग जिला में शुक्रवार को अलगावादी नेता शब्बीर शाह द्वारा आयोजित एक रैली में पड़ोसी देश के झंडे लहराए गए। पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए शाह तथा उसके दो करीबी सहयोगियों को हिरासत में ले लिया। अनंतनाग जम्मू-कश्मीर के सीएम मुफ्ती मोहम्मद सईद के निर्वाचन क्षेत्र में आता है।
घटना ऐसे वक्त में हुई है, जब गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दो दिन पहले ही कहा था कि कश्मीर की जमीन पर पाकिस्तान झंडे फहराया जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर से 52 किलोमीटर दूर अनंतनाग कस्बे में जुमे की नमाज के बाद शाह की रैली में पाकिस्तानी झंडे लहराए गए। पड़ोसी देश के हरे झंडे उस वाहन की छत पर भी लहराए गए, जहां से शाह भीड़ को संबोधित कर रहे थे। भीड़ के बीच मौजूद कुछ लोगों ने रैली में भाजपा के झंडे भी जलाए।
रैली के तुरंत बाद शाह को पुलिस ने खानबाल से श्रीनगर में अपने घर लौटते हुए हिरासत में ले लिया। सूत्रों ने बताया कि शाह के दो करीबी सहयोगियों मोहम्मद अब्दुल्ला तारी तथा मौलवी बशीर अहमद को भी हिरासत में लिया गया है। इस वर्ष 15 अप्रैल से कश्मीर में पाकिस्तानी झंडे लहराने की यह चौथी घटना है। उस समय कट्टरपंथी हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी का नई दिल्ली से लौटने पर स्वागत करने के लिए आयोजित रैली में हरे झंडे लहराए गए थे।
प्रभावशाली अलगाववादी नेता मसरत आलम को उस घटना के संबंध में गिरफ्तार किया गया था। दो सप्ताह बाद तराल में गिलानी की रैली में और 20 मई को जामिया मस्जिद में पाकिस्तानी झंडे दिखाई दिए थे। इस बीच, भाजपा प्रवक्ता खालिद जहांगीर ने कहा कि पाकिस्तानी झंडे लहराने की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। जहांगीर ने कहा कि इन अलगाववादी नेताओं को लोगों को गुमराह करना छोड़ देना चाहिए और यदि उन्हें लगता है कि जनता का समर्थन उनके साथ है तो वे चुनावों में भाग लकर सच्चाई देख लें।
उधर, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत में पाकिस्तानी झंडे लहराने की घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी हरकतें करने वाले लोगों पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा, चाहे वे भारत के किसी भी हिस्से के क्यों न हों। मोदी सरकार का एक साल पूरा होने के मौके पर पत्रकारों से बातचीत में गृह मंत्री ने कहा कि जो लोग भी ऐसी गतिविधियों में शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाएं पहले भी हुई हैं। दूसरी सरकारों के वक्त भी हुई हैं। इसे सहन नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में शब्बीर शाह की एक रैली में पाकिस्तानी झंडे लहराए गए थे। जम्मू-कश्मीर में अलगावादी संगठन हुर्रियत के खिलाफ सख्त रुख अपनाने का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार उसके साथ बातचीत नहीं करने जा रही।