कोलकाता - बंगाल की राजनीति में भी अब सामंती तेवर देखने को मिल रहे हैं। सोमवार को एक पब्लिक फंक्शन में पुलिस वाला मंत्री के जूते का फीता बांधता दिखा। ममता बनर्जी सरकार में योजना एवं विकास मंत्री रछपाल सिंह राज्य सचिवालय प्रख्यात कलाकार रामकिंकर बजाज को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। वहीं पर मंत्री का पर्सनल गार्ड जूते का फीता बांधता दिखा। मंत्री ने रामकिंकर बजाज की मूर्ति को माला पहनाने से पहले जूते निकाल दिए थे।
माला पहनाने के बाद वह जूते पहनने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक पुलिस वाला आया और वह जूते पहनाने लगा। मंत्री ने अपने गार्ड को रोका तक नहीं। रछपाल सिंह पूर्व आईपीएस अधिकारी हैं। इस वाकये के बाद विपक्षी पार्टियों ने ममता को निशाने पर लिया है। विपक्ष ने कहा कि इस मामले में टीएमसी को शर्म आनी चाहिए, जिसकी नेता ममता बनर्जी लो प्रोफाइल होने का दावा करती हैं।